नायब सिंह सैनी का बड़ा बयान: “पंजाब में भाजपा की सरकार फुल बहुमत से बनेगी”
चंडीगढ़
हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक इंटरव्यू के दौरान पंजाब की राजनीति को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि रोज़ाना 150–200 ठेठ गांवों (पिंडों) के लोग उनसे मिलने पंजाब से आते हैं और स्पष्ट रूप से कहते हैं कि इस बार पंजाब में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनानी है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जब भी पंजाब में उनके कार्यक्रम तय होते हैं, तो किसी न किसी तरीके से लोगों को कार्यक्रम में पहुंचने से रोका जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति उनका कार्यक्रम आयोजित करता है, तो उसे विभिन्न मामलों में उलझाकर उसके खिलाफ पर्चा दर्ज करा दिया जाता है।
इन सब परिस्थितियों के बावजूद, मुख्यमंत्री का कहना है कि पंजाब के ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा के प्रति समर्थन लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पंजाब में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी और पूर्ण बहुमत से बनेगी।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, मुख्यमंत्री का यह बयान पंजाब की आगामी राजनीति के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


