राजस्थान दिवस एवं उड़ीसा दिवस धूमधाम से मनाया गया, राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने की शिरकत
राजस्थान दिवस एवं उड़ीसा दिवस के अवसर पर चंडीगढ़ में एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें दोनों राज्यों की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में राजस्थान के कलाकारों ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान घूमर नृत्य, गणगौर के पारंपरिक गीत एवं कालबेलिया नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती अनीता कटारिया ने कार्यक्रम में विशेष रूप से भाग लिया। उन्होंने पूरे कार्यक्रम का आनंद लिया तथा कलाकारों की प्रतिभा की खुलकर सराहना की।
कार्यक्रम में कई गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे, जिनमें डीजीपी सागर प्रीत हुड्डा, श्री विवेक प्रताप सिंह, डीसी निशांत यादव, होम सेक्रेटरी मनदीप बरार, आईएएस मनीराम शर्मा, मुख्य अभियंता सी.बी. ओझा, एसपी गीतांजलि खंडेलवाल, एसपी सुरेंद्र सिंह, एसपी विनोद सिंह सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान राजस्थान एवं उड़ीसा समाज के लोगों ने माननीय राज्यपाल का पारंपरिक तरीके से स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर राजस्थान परिवार के संस्थापक पवन कुमार शर्मा, डीसी निशांत यादव, नरेश खंडेलवाल, मनीष मारवाह, सुरेंद्र सिंह, प्रहलाद रघु एवं संजीव कुमार ने राज्यपाल को राजस्थानी पगड़ी पहनाकर एवं तुलसी का पौधा भेंट कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया।
यह आयोजन सांस्कृतिक एकता, परंपरा एवं सामाजिक सद्भाव का एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है, जिसने उपस्थित सभी लोगों के मन में गहरी छाप छोड़ी।


