Search

रामदरबार में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर राज्यपाल से सीधी शिकायत, पुलिस चौकी खोलने की मांग तेज

चंडीगढ़ के रामदरबार क्षेत्र में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ती जनसमस्याओं को लेकर मंगलवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल में लोवकेश कुमार (महामंत्री, मंडल 19), चंदन भटनागर (मंडल अध्यक्ष) और हिमांशु महावर (सचिव, मंडल 19) प्रमुख रूप से शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की जमीनी स्थिति से राज्यपाल को अवगत कराते हुए बताया कि रामदरबार में कानून व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है, जिससे आम नागरिकों में असुरक्षा और भय का माहौल बनता जा रहा है।

प्रतिनिधियों ने बताया कि क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में लगातार वृद्धि हो रही है। नशे का कारोबार तेजी से फैल रहा है, वहीं अवैध शराब की बिक्री भी खुलेआम की जा रही है। इसके अलावा स्कूली बच्चों और युवाओं की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता जताई गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन गतिविधियों के कारण क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है और परिवारों में डर का वातावरण बना हुआ है।

प्रतिनिधिमंडल ने मांग रखी कि प्रशासन तत्काल प्रभाव से सख्त और ठोस कदम उठाए, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बहाल हो सके। विशेष रूप से रामदरबार में पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग जोर-शोर से उठाई गई, जिससे क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़े और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

राज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।

See all