देवरिया में पेट्रोल पंपों पर अफरा-तफरी, कई जगह ईंधन खत्म, प्रशासन ने किया अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में पेट्रोल और डीजल को लेकर अचानक बनी हुई स्थिति ने आम लोगों को परेशान कर दिया। पिछले दो दिनों से कई पेट्रोल पंप पर भारी भीड़ देखने को मिल रही है, जिसके चलते कई पेट्रोल पंप पर ईंधन की कमी सामने आ रही है। इन हालातो में आम लोगों को घंटा लाइनों में लगकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है।
जिले के लार, रुद्रपुर, के साथ-साथ कई आसपास के इलाके ज्यादा प्रभावित हुए हैं। कई पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल पूरी तरह खत्म हो गया, जिससे लोगों को एक पंप से दूसरे पंप पर भटकना पड़ रहा है। सुबह से ही लोग अपनी गाड़ियां लेकर पेट्रोल पंप पर पहुंच गए व लंबी-लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।
बताया जा रहा है स्थिति का कारण अफवाहें है। सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर यह खबरें तेजी से फैल रही है कि आने वाले दिनों में पेट्रोल पर डीजल की कमी हो जाएगी। जिसके डर से लोगों ने जरूरत से ज्यादा पेट्रोल व डीज़ल भरवाना शुरू कर दिया।कई जगह पर लोग ड्रम,कैन और गैलन लेकर पेट्रोल पंप पर पहुंचे,जिससे हालात काफी ज्यादा बिगड़ गए।
पेट्रोल पंप के संचालकों ने बताया, अचानक ईंधन की मांग बढ़ने के कारण सप्लाई पर दबाव पड़ रहा है। कुछ पेट्रोल पंप पर कंपनियों की ओर से सप्लाई में कमी बताई जा रही है, जिससे अस्थाई रूप से ईंधन खत्म होने की स्थिति बन गई है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में ईंधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और सप्लाई करने के लिए कार्य किया जा रहा है।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन तेज़ी से कार्य कर रहा है। कई पेट्रोल पंप पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और अव्यवस्था फैलने से रोकी जा सके। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और उतना ही पेट्रोल/डीजल भरवाएं जितने की जरूरत है।


