पंजाब विश्वविद्यालय में ‘स्टार नाइट’ को लेकर फिर विवाद
चंडीगढ़: पंजाब विश्वविद्यालय (PU) के वार्षिक उत्सव ‘झंकार’ के दौरान प्रस्तावित स्टार नाइट कार्यक्रमों को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। पिछले वर्ष मार्च 2025 में एक कॉन्सर्ट के दौरान UIET के छात्र आदित्य ठाकुर की हत्या के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने कैंपस में स्टार नाइट जैसे कार्यक्रमों पर रोक लगा दी थी और इसके लिए सख्त एसओपी लागू की गई थी।
इसके बावजूद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने ‘झंकार’ फेस्ट के दौरान 16, 17 और 18 मार्च को तीन दिनों तक अलग-अलग म्यूजिक नाइट आयोजित करने की घोषणा की है। कार्यक्रमों के पोस्टर भी जारी किए गए हैं, जिनमें हिमाचली, हरियाणवी और पंजाबी संगीत कार्यक्रमों का जिक्र किया गया है।
घोषित कार्यक्रम के अनुसार 16 मार्च को ‘हिमाचली नाइट’ आयोजित की जाएगी, जिसमें गायक कुलदीप शर्मा के प्रदर्शन की योजना है और हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर को मुख्य अतिथि बताया गया है। 17 मार्च को ‘हरियाणवी नाइट’ प्रस्तावित है, जिसमें हरियाणा के मंत्री विपुल गोयल को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। वहीं 18 मार्च को पंजाबी म्यूजिक नाइट की घोषणा की गई है, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को मुख्य अतिथि और पंजाबी गायक सतिंदर सरताज के प्रदर्शन का उल्लेख किया गया है।
हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि इन कार्यक्रमों को अभी अंतिम मंजूरी नहीं दी गई है। कुलपति रेणु विग के अनुसार 18 मार्च के कार्यक्रम के लिए विश्वविद्यालय की ओर से अनुमति नहीं दी गई है और यह मामला डीन स्टूडेंट वेलफेयर (DSW) कार्यालय के अधीन आता है।
दूसरी ओर पंजाब विश्वविद्यालय कैंपस स्टूडेंट्स काउंसिल (PUCSC) के अध्यक्ष गौरववीर सोहल का दावा है कि फेस्ट के लिए विश्वविद्यालय से आवश्यक अनुमतियां ली जा चुकी हैं और अंतिम दिन के कार्यक्रम के लिए यूटी प्रशासन से अनुमति की प्रक्रिया जारी है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आयोजकों का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान निजी बाउंसर, कैंपस सुरक्षा कर्मियों और पुलिस की तैनाती की जाएगी। हालांकि पिछले साल की घटना को देखते हुए कैंपस में इन कार्यक्रमों को लेकर एक बार फिर चर्चा और बहस शुरू हो गई है।


