टीबी मुक्त अभियान को मिला सहयोग: विश्वास फाउंडेशन ने 100 मरीजों को दी प्रोटीनयुक्त पोषण किट
पंचकूला,
टीबी मुक्त भारत अभियान को मजबूत करने की दिशा में विश्वास फाउंडेशन ने सराहनीय पहल करते हुए 100 टीबी से ग्रस्त मरीजों को प्रोटीनयुक्त पोषण किट वितरित की। यह कार्यक्रम स्टेट टीबी ऑफिसर राजेश राजू और सीएमओ मुक्ता कुमार की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस अवसर पर गुरुदेव श्री विश्वास जी के आशीर्वाद से मरीजों को विशेष रूप से तैयार की गई पोषण डाइट उपलब्ध कराई गई।
डिस्ट्रिक्ट टीबी ऑफिसर संदीप छाबड़ा ने विश्वास फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि टीबी के मरीजों के लिए उचित पोषण बेहद आवश्यक होता है। उन्होंने फाउंडेशन के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए इसे टीबी मुक्त अभियान के लिए एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक कदम बताया।
विश्वास फाउंडेशन की अध्यक्ष साध्वी नीलिमा विश्वास ने बताया कि संस्था की ओर से विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर कुल 100 पोषण किट वितरित की गईं। इनमें पीएचसी ओल्ड पंचकूला में 7 किट, एमडीसी सेक्टर-4 में 10 किट, एएएम सकेतड़ी में 15 किट, जीडी सेक्टर-7 में 4 किट, जीडी सेक्टर-8 में 3 किट, जीडी सेक्टर-11 में 12 किट, जीडी सेक्टर-12ए में 14 किट, यूडी सेक्टर-19 में 25 किट तथा जीपीसी सेक्टर-26 में 10 किट शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक पोषण किट में मरीजों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 1 किलो सोया दाल, 1 किलो सोया आटा, 500 ग्राम सोयाबीन बड़ी, 500 ग्राम भूना चना, 500 ग्राम गुड़ तथा 1 डिब्बा प्रोटीन पाउडर शामिल किया गया है, ताकि मरीजों को आवश्यक पोषक तत्व मिल सकें और उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ सके।
साध्वी नीलिमा विश्वास ने बताया कि संस्था वर्ष 2022 से लगातार टीबी मरीजों को पोषण डाइट उपलब्ध करा रही है। इसके साथ ही संस्था मरीजों को अतिरिक्त पोषण सहायता, सामाजिक सहयोग और मानसिक समर्थन प्रदान कर टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करने में योगदान दे रही है।
इस अवसर पर विश्वास फाउंडेशन से श्याम सुंदर साहनी, रणधीर सिंह, मदन नागपाल तथा टीबी विभाग से सतीश वत्स सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।


