पंचकूला।
जिले में बिना पंजीकरण के संचालित हो रहे निजी प्ले स्कूलों पर जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी। महिला एवं बाल विकास विभाग ने ऐसे संस्थानों की पहचान करने के लिए जिलेभर में विशेष निरीक्षण अभियान चलाने का निर्णय लिया है।
विभाग के अधिकारियों के अनुसार कई निजी प्ले स्कूल बिना आवश्यक पंजीकरण और बुनियादी सुविधाओं के संचालित हो रहे हैं, जिससे छोटे बच्चों की सुरक्षा और उनके समुचित विकास को लेकर चिंता बढ़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर जांच अभियान चलाया जाएगा।
इस अभियान के तहत गठित निरीक्षण टीमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर प्ले स्कूलों का निरीक्षण करेंगी और यह सुनिश्चित करेंगी कि सभी संस्थान निर्धारित मानकों का पालन कर रहे हैं या नहीं। प्ले स्कूलों के लिए भवन की उचित व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा उपाय, प्रशिक्षित स्टाफ और बच्चों के अनुकूल वातावरण जैसी सुविधाएं अनिवार्य मानी गई हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सभी निजी प्ले स्कूलों के लिए पंजीकरण कराना अनिवार्य है। जो संस्थान बिना पंजीकरण के संचालित पाए जाएंगे या निर्धारित नियमों का उल्लंघन करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और आवश्यक होने पर ऐसे स्कूलों को तुरंत बंद भी किया जा सकता है।
विभाग ने प्ले स्कूल संचालकों से अपील की है कि वे समय रहते आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करें और निर्धारित दिशानिर्देशों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि बच्चों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा का वातावरण मिल सके।