भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर जीता T20 वर्ल्ड कप 2026
अहमदाबाद। भारत ने 8 मार्च को खेले गए आईसीसी पुरुष T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया।
टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जिसके बाद भारतीय बल्लेबाजों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारत की ओर से संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रन की शानदार पारी खेली। वहीं ईशान किशन ने 54 रन और अभिषेक शर्मा ने 52 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
256 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी और 19 ओवर में 159 रन पर ऑल आउट हो गई। न्यूजीलैंड की ओर से टिम सीफर्ट ने 52 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
भारत की ओर से तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए, जबकि अक्षर पटेल ने 3 विकेट झटके। इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इस जीत के साथ भारत T20 वर्ल्ड कप तीन बार जीतने वाली पहली टीम बन गया और साथ ही लगातार दूसरी बार खिताब जीतने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया।
देशभर में भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया जा रहा है और क्रिकेट प्रेमियों में खुशी की लहर है।


