आपत्तिजनक गाने “Tateeree” मामले में हरियाणा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गायक बादशाह के खिलाफ LOC की प्रक्रिया शुरू
चंडीगढ़/पंचकूला, 7 मार्च। सोशल मीडिया और गीतों में आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए हरियाणा पुलिस ने मशहूर गायक Badshah के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। पंचकूला पुलिस ने उनके हाल ही में जारी गाने “Tateeree” को लेकर मामला दर्ज करते हुए उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि आरोपी देश छोड़कर विदेश न जा सके।
पुलिस के अनुसार इस मामले में साइबर थाना सेक्टर-20, पंचकूला में FIR नंबर 28 दिनांक 6 मार्च 2026 को दर्ज की गई है। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और Indecent Representation of Women (Prohibition) Act, 1986 की धारा 3 व 4 के तहत दर्ज किया गया है।
आपत्तिजनक कंटेंट को लेकर दर्ज हुआ केस
पुलिस जांच के मुताबिक गाने के वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने नाबालिग लड़कियों को स्कूल बैग फेंकते हुए और पढ़ाई से दूर भागते हुए दिखाया गया है। साथ ही गीत में “बादशाला” जैसे शब्दों का प्रयोग कर स्कूल और शिक्षा के माहौल को गलत तरीके से प्रस्तुत करने का आरोप है। इसके अलावा गीत के बोलों में महिलाओं और लड़कियों के प्रति आपत्तिजनक और अशोभनीय शब्दों का इस्तेमाल भी पाया गया है।
हरियाणा रोडवेज बस और सरकारी स्कूल के उपयोग की जांच
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि वीडियो में जींद डिपो की हरियाणा रोडवेज बस दिखाई गई है। पुलिस यह पता लगा रही है कि बस को वीडियो में दिखाने के लिए संबंधित विभाग से अनुमति ली गई थी या नहीं। यदि बिना अनुमति बस का उपयोग किया गया पाया गया, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ धारा 120-B के तहत भी कार्रवाई की जा सकती है।
इसी तरह वीडियो में एक सरकारी स्कूल परिसर को भी दिखाया गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि शूटिंग के लिए सक्षम प्राधिकारी से अनुमति ली गई थी या नहीं। यदि बिना अनुमति सरकारी परिसर का उपयोग किया गया पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी को नोटिस, गिरफ्तारी के लिए टीमें सक्रिय
पंचकूला पुलिस ने आरोपी गायक को पुलिस के समक्ष तुरंत पेश होने के लिए नोटिस जारी किया है। गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जो विभिन्न संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं। साथ ही आरोपी के देश से बाहर जाने की संभावना को देखते हुए उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
यूट्यूब से हटाया गया गाना
पुलिस की कार्रवाई के बाद विवादित गाने को यूट्यूब से हटवा दिया गया है। इसके अलावा अन्य म्यूजिक प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया साइट्स से भी वीडियो और उससे संबंधित रील्स व शॉर्ट वीडियो हटवाने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। पंचकूला पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई व्यक्ति इस विवादित गाने से संबंधित वीडियो या रील बनाकर या साझा करके आपत्तिजनक सामग्री का प्रसार करता हुआ पाया गया, तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा मामले की निष्पक्ष और गहन जांच जारी है।


