गाने “Tateeree” पर बढ़ा विवाद, महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ के आरोप में मामला दर्ज
पंचकूला ऑब्जर्वर न्यूज़ | सच के साथ, समाज के साथ
पंचकूला/पानीपत। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे गाने “Tateeree” को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। गाने में कथित रूप से आपत्तिजनक शब्दों और अशोभनीय इशारों के इस्तेमाल को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता द्वारा दी गई लिखित शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना सेक्टर-20 पंचकूला में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 296 तथा Indecent Representation of Women (Prohibition) Act, 1986 की धारा 3 और 4 के तहत केस दर्ज किया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गायक आदित्य प्रतिक सिंह सिसोदिया उर्फ “बादशाह” के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर जारी गाना “Tateeree” सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कथित तौर पर ऐसे दृश्य और इशारे दिखाए गए हैं जिन्हें शिकायतकर्ता ने महिलाओं की गरिमा के खिलाफ और समाज के लिए आपत्तिजनक बताया है।
मामले की जांच साइबर क्राइम थाना सेक्टर-20 पंचकूला के सब-इंस्पेक्टर देशराज को सौंपी गई है।
वहीं, इस मामले का संज्ञान लेते हुए हरियाणा राज्य महिला आयोग ने भी संबंधित पक्षों को समन जारी किया है। आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया के समक्ष इस मामले की सुनवाई 13 मार्च 2026 को सुबह 11:30 बजे डीसी ऑफिस, जिला पानीपत के कॉन्फ्रेंस हॉल में निर्धारित की गई है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस प्रकार की सामग्री बच्चों और युवाओं के मन पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकती है और समाज में गलत सोच को बढ़ावा देती है। इसलिए संबंधित गाने पर रोक लगाने और इसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।


