UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025: पंचकूला के एकांश दुल ने देश में हासिल की तीसरी रैंक
पंचकूला ऑब्जर्वर
सच के साथ, समाज के साथ
पंचकूला : Union Public Service Commission (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में पंचकूला के रहने वाले एकांश दुल ने देशभर में तीसरी रैंक हासिल कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है।
एकांश दुल सेक्टर-12ए में अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनकी मां निर्मला एक स्कूल में प्रिंसिपल हैं, जबकि उनके पिता कृष्ण ढुल भाजपा से जुड़े हुए हैं।
रिजल्ट घोषित होने के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एकांश के पिता कृष्ण ढुल को फोन कर बेटे की इस उपलब्धि पर बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि एकांश ने अपनी मेहनत और लगन से पूरे हरियाणा का नाम रोशन किया है और यह प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा है।
एकांश की शुरुआती पढ़ाई चंडीगढ़ से हुई। उन्होंने 10वीं कक्षा भवन विद्यालय चंडीगढ़, सेक्टर-27 से पास की। इसके बाद 12वीं की पढ़ाई सेंट कबीर पब्लिक स्कूल चंडीगढ़ सेक्टर-26 से पूरी की। आगे की पढ़ाई के लिए वह दिल्ली चले गए, जहां उन्होंने श्री राम कॉलेज ऑफ़ कॉमर्स से बीए ऑनर्स की डिग्री हासिल की।
ग्रेजुएशन के बाद एकांश ने दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी की। इससे पहले भी वह इस परीक्षा में सफलता हासिल कर चुके हैं। वर्ष 2024 में उन्होंने 342वीं रैंक और वर्ष 2025 में 295वीं रैंक प्राप्त की थी। लगातार प्रयास और मेहनत के बाद इस बार उन्होंने देश में तीसरा स्थान हासिल कर बड़ी सफलता प्राप्त की।
एकांश ने कहा आत्म-अध्ययन और अनुशासन ही सफलता की असली कुंजी हैं। उन्होंने बताया कि पहली बार की सफलता से बहुत कुछ सीखने को मिला, लेकिन संतोष नहीं हुआ। इसलिए उन्होंने खुद से वादा किया कि अगली बार और बेहतर प्रदर्शन करेंगे और उसी मेहनत का परिणाम आज सामने है।


