Search

पंजाब में 100 करोड़ की कृषि-आधारित परियोजना में निवेश करेगा अमरटेक्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड समूह

पंचकूला

पंजाब में आयोजित होने जा रहे इन्वेस्ट सबमिट पंजाब के अंतर्गत 13 से 15 मार्च 2026 के बीच एग्रो वेस्ट परियोजना के तहत 100 करोड़ रुपये निवेश का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस संबंध में जानकारी अमरटेक्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड समूह के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तथा संस्थापक अरुण ग्रोवर ने दी। पंजाब सरकार की औद्योगिक निवेश पहल के तहत राज्य में कृषि-आधारित उद्योगों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से समूह द्वारा 100 करोड़ रुपये की कृषि-आधारित परियोजना में निवेश की घोषणा की गई है। यह परियोजना विशेष रूप से कृषि अवशेषों के वैज्ञानिक उपयोग एवं मूल्य संवर्धन पर आधारित होगी। इस महत्वपूर्ण पहल का नेतृत्व स्वयं अरुण ग्रोवर कर रहे हैं।

इसी क्रम में अरुण ग्रोवर ने बाल मुकुंद शर्मा, चेयरमैन, पंजाब राज्य खाद्य आयोग से चंडीगढ़ स्थित उनके कार्यालय में भेंट कर निवेश योजना पर विस्तृत चर्चा की। यह बैठक महात्मा गांधी राज्य लोक प्रशासन संस्थान, पंजाब, सेक्टर-26, चंडीगढ़ में आयोजित हुई। बैठक के दौरान परियोजना की विस्तृत रूपरेखा, निवेश प्रक्रिया, खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण, प्रशासनिक समन्वय तथा राज्य स्तरीय सहयोग जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। प्रस्तावित योजना के अंतर्गत 13 से 15 मार्च 2026 के मध्य निवेश संबंधी समस्त औपचारिकताएं पूर्ण की जाएंगी।

यह परियोजना कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन, आधुनिक प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना तथा स्थानीय स्तर पर व्यापक रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही यह पहल पंजाब के कृषि एवं औद्योगिक विकास को नई गति प्रदान करेगी। इस अवसर पर ग्रोवर ने कहा कि समूह राज्य के समग्र विकास में दीर्घकालिक एवं सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है तथा यह निवेश पंजाब की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा। वहीं बाल मुकुंद शर्मा ने राज्य सरकार की नीतियों के अनुरूप आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।

See all