Search

तालियों की गूंज के बीच ‘सुरंजनी’ उत्सव का रंगारंग समापन

मुख्य अतिथि श्री अरुण ग्रोवर (चेयरमैन – पंचकूला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, अध्यक्ष एवं संस्थापक – अमरटेक्स ग्रुप) और प्राचार्या डॉ. शैलजा छाबड़ा ने सराही विद्यार्थियों की प्रतिभाएँ

पंचकूला | 25 फरवरी
सेक्टर–1 स्थित गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव ‘सुरंजनी’ का दूसरा दिन अत्यंत उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। समापन अवसर पर संगीत एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को तालियों की गड़गड़ाहट से गुंजायमान कर दिया।
कार्यक्रम में पंचकूला के प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं पंचकूला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन तथा अमरटेक्स ग्रुप के अध्यक्ष एवं संस्थापक अरुण ग्रोवर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
अपने प्रेरक संबोधन में अरुण ग्रोवर ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और सृजनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक मंच युवाओं को अभिव्यक्ति, नेतृत्व और व्यक्तित्व विकास के सशक्त अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विजेताओं को बधाई दी तथा सभी प्रतिभागियों को निरंतर अभ्यास और उत्कृष्टता की दिशा में अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया।
उत्सव की सफलता का श्रेय कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शैलजा छाबड़ा के मार्गदर्शन एवं सशक्त नेतृत्व को जाता है। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी विभागों, प्राध्यापकों और विद्यार्थियों के समन्वित प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ‘सुरंजनी’ विद्यार्थियों की सृजनात्मक ऊर्जा, सांस्कृतिक चेतना और समर्पण का जीवंत उदाहरण है।
कार्यक्रम की साज-सज्जा एवं समग्र व्यवस्थाएँ डॉ. अंशुल कपिल के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुईं। संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. जितेंद्र कुमार तथा अंग्रेज़ी विभाग की प्राध्यापिका हरप्रीत कौर का विशेष सहयोग सराहनीय रहा।
संगीत प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में नितिन, शुभम तथा डॉ. गुरप्रीत कौर शामिल रहे। निष्पक्ष मूल्यांकन के उपरांत समूहगान प्रतियोगिता में अजीत की टीम प्रथम, करण की टीम एवं मूर्ति द्वितीय स्थान पर रहे। एकल गायन में प्रभा प्रथम, ईशांत द्वितीय तथा सुमित तृतीय स्थान पर रहे।
समूह नृत्य प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. दविंदर कौर, अंजु राणा (परियोजना अधिकारी) तथा रेनू राव द्वारा किया गया। परिणामस्वरूप प्रिया प्रथम, खुशबू द्वितीय तथा ओजस्वी तृतीय स्थान पर रहीं।
काव्य-पाठ प्रतियोगिता में सौरव को प्रथम, खुशी मलिक एवं अनुसूया को संयुक्त द्वितीय तथा दिव्यम को तृतीय स्थान प्रदान किया गया।
समापन अवसर पर कॉलेज परिवार ने मुख्य अतिथि अरुण ग्रोवर का आभार व्यक्त किया तथा सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ दीं।
‘सुरंजनी’ उत्सव ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, सृजनात्मकता और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।

See all