विक्टोरिया वॉरियर्स और पंचकूला लवर्स फाइनल में पहुंचे
पंचकूला। ताऊ देवीलाल खेल स्टेडियम में आयोजित तीजमाल क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले रोमांचक रहे। पहले सेमीफाइनल में सीएल चैंप्स और विक्टोरिया वारियर्स के बीच मुकाबला हुआ।सीएल चैंप्स की टीम ने 17.3 ओवर में 10 विकेट खोकर 133 रन बनाए।जवाब में विक्टोरिया वॉरियर्स की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 9.3 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 139 रन बनाकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
दूसरा सेमीफाइनल सनराइज क्रिकेट एकेडमी और पंचकूला लवर्स के बीच खेला गया। सनराइज क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 196 रन बनाए।लक्ष्य का पीछा करते हुए पंचकूला लवर्स की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 16.5 ओवर में 3 विकेट खोकर 200 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया और फाइनल में जगह बनाई। लैंडमार्क क्राफ्ट की ओर से यह आयोजन किया गया। टूर्नामेंट के आयोजक पंकज लिड्डू एवं विपिन लिड्डू ने बताया कि अब फाइनल मुकाबला 24 फरवरी को पंचकूला लवर्स और विक्टोरिया वारियर्स सहारनपुर के बीच ताउ देवी लाल खेल स्टेडियम में खेला जाएगा। प्रदेश के कई गणमान्य अतिथि फाइनल मैच में भाग लेने पहुंचेंगे। इस अवसर पर समाजसेवी निर्मल चंद धीमान एवं रंजीत सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।उनके साथ सुभाष मुंशी, पंकज धीमान, विजय पसरीजा, पवन, अशोक आर्य, रमेश सैनी, विनय अरोड़ा और सुभाष बंसल भी उपस्थित रहे।


