ताऊ देवीलाल की 25वीं पुण्यतिथि पर पंचकूला में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन
पूर्व उप प्रधानमंत्री एवं जननायक ताऊ देवीलाल की 25वीं पुण्यतिथि सोमवार को पंचकूला में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर जिले भर से आए इनेलो कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य व्यक्तियों ने सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
मुख्य कार्यक्रम सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल खेल परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष सतिंदर टोनी, शहरी जिलाध्यक्ष मनोज अग्रवाल सहित जिले भर से आए इनेलो नेता, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिकों ने ताऊ देवीलाल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
अपने संबोधन में जिलाध्यक्ष सतिंदर टोनी ने कहा कि ताऊ देवीलाल ने सदैव किसान, मजदूर और कमेरों के अधिकारों के लिए आवाज बुलंद की। मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने छत्तीस बिरादरी, विशेषकर शोषित एवं वंचित वर्ग के उत्थान हेतु अनेक जनकल्याणकारी नीतियां लागू कीं।
शहरी जिलाध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने कहा कि देश में पहली बार ताऊ देवीलाल ने बुजुर्गों के सम्मान हेतु 100 रुपये मासिक पेंशन योजना लागू की। इसके अतिरिक्त उन्होंने कर्ज में डूबे किसानों के ऋण माफ किए तथा किसानों के ट्रैक्टर को वाणिज्यिक श्रेणी से हटाकर गैर-वाणिज्यिक घोषित किया।
महिला जिलाध्यक्ष सुरेश चौधरी ने कहा कि ताऊ देवीलाल ने अनुसूचित वर्ग के उत्थान के लिए चौपालों का निर्माण कराया तथा महिलाओं के लिए जच्चा-बच्चा भत्ता जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं लागू कीं।
कार्यक्रम में शिट्टू राणा, गुरदास सरपंच, योगेश्वर शर्मा, भागीरथ प्रजापत, गीता रानी, विकास एवं चरणसिंह सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि जननायक ताऊ देवीलाल की नीतियों का अनुसरण करना ही इनेलो पार्टी का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि सर्व समाज का समग्र विकास ताऊ देवीलाल के पदचिह्नों पर चलकर ही संभव है तथा उनकी विचारधारा के अनुरूप ही हरियाणा में लोकतांत्रिक मूल्यों की पुनर्स्थापना की जा सकती है।
इस अवसर पर विजय, डी.आर. कैरों, डॉ. मोर, आजाद मलिक, मोहिंदर श्योरान सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


