हेरिटेज टूर ऑफ इंडिया के तहत शनिवार शाम सेक्टर-5 स्थित दशहरा ग्राउंड सूफियाना संगीत की मधुर धुनों से सराबोर हो गया। मशहूर सूफी गायक Satinder Sartaaj के लाइव कॉन्सर्ट को सुनने के लिए हजारों की संख्या में दर्शक उमड़े, जिससे पूरा मैदान खचाखच भरा नजर आया।
शाम ढलते ही जैसे ही सरताज ने मंच संभाला, माहौल तालियों और उत्साह से गूंज उठा। अपने विशिष्ट सूफियाना अंदाज, गहराई से भरे बोल और मधुर आवाज के जरिए उन्होंने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान सरताज ने अपने आध्यात्मिक जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि उनका इंद्र देव से विशेष संबंध है और उन्हीं की कृपा से ऐसे भव्य आयोजन संभव हो पाते हैं। उनके इस भावपूर्ण वक्तव्य ने कार्यक्रम में एक अलग आध्यात्मिक रंग भर दिया।
कॉन्सर्ट में उन्होंने अपने लोकप्रिय गीत “साईं”, “सबतों महंगी है मासूमियत” और “मेहनत चढ़नी नहीं” सहित कई सदाबहार प्रस्तुतियां दीं। हर गीत पर दर्शकों ने तालियों, हूटिंग और उत्साह के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। पूरा माहौल संगीत, भावनाओं और सूफियाना रंग में रंगा हुआ दिखाई दिया।
दर्शक न केवल गीतों पर झूमते नजर आए, बल्कि कई लोग सरताज के साथ गुनगुनाते भी दिखे। देर रात तक चला यह संगीत समारोह पंचकूला वासियों के लिए एक यादगार अनुभव बन गया।
हेरिटेज टूर ऑफ इंडिया के इस आयोजन ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि संगीत की कोई सीमा नहीं होती और सूफियाना कलाम हर दिल को छूने की ताकत रखता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन से स्थानीय लोगों में उत्साह और गर्व की भावना भी साफ नजर आई।


