Search

सेक्टर-19, पंचकूला में खौफनाक वारदात: प्रेम विवाह से नाराज साले ने जीजा को उतारा मौत के घाट

पंचकुला में एक हत्याकांड का मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक ने अपनी ही बहन के पति की हत्या कर दी। पुलिस ने तत्काल कार्यवाही की और 4 घंटे के अंदर ही आरोपी साले और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया। पंचकूला की डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि मृतक शिवम ने करीब 3 महीने पहले गोलू नाम की लड़की से प्रेम विवाह किया था। इस शादी से लड़की का भाई, जो खुद शिवम नाम का है, बहुत नाराज़ था। इसी नाराजगी के चलते उसने अपने दोस्त राहुल, जो 19 वर्ष का है, के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचाई।

मृतक और मुख्य आरोपी दोनों यूपी के हरदोई के रहने वाले थे और आपस में गहरे दोस्त थे। ये घटना सोमवार को हुई जब मृतक शिवम अपनी माता को इंडस्ट्रियल एरिया फेज 1 में छोड़ने गया था। वापस आते वक्त सेक्टर-19 के गोल चक्कर के पास पहले से इंतजार में बैठे थे। आरोपी साले शिवम और उसके साथी राहुल ने उस पर तेज हथियार (गंडासे) से हमला कर दिया।

घायल शिवम को स्थानीय लोगों ने तुरंत सेक्टर 6 के अस्पताल पहुंचाया, लेकिन लोगों ने उसे मारा हुआ घोषित कर दिया। आरोपी इस समय पंचकूला के सेक्टर 19 में रह रहे थे और जोमैटो में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्य कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर 20 और सेक्टर 19 की पुलिस टीम तुरंत ही सक्रिय हो गईं। थाना के इंचार्ज सोमबीर ढाका के नेतृत्व में एएसआई कुलदीप, संदीप, और एसपीओ मुकेश ने आरोपियों का पीछा किया। पुलिस टीम ने तेज़ी दिखाते हुए 4 घंटे के भीतर ही पंजाब के जीरकपुर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए हुए गंडासा भी बरामद किया, जिस पर खून के निशान पाए गए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करके रिमांड पर लिया जाएगा ताकि पता लगाया जा सके कि हथियार को कहां से खरीदा गया और इस हत्याकांड में कोई और लोग शामिल हैं या नहीं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

See all