Search

मोरनी में स्कूल बस का संतुलन बिगड़ा, चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला, कई छात्र घायल

 पंचकूला के मोरनी में सोमवार को सुबह एक प्राइवेट स्कूल बस के साथ हादसा हो गया, जिसमें कई बच्चे घायल हो गए। यह बस रोज की तरह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। पहाड़ी रास्ते पर चलते समय अचानक बस की ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया, जिससे चालक का बस पर से नियंत्रण कमजोर हो गया और बस तेजी से नीचे की ओर बढ़ने लगी। 

बस में बैठे बच्चों के बीच चीख-पुकार मचने लग गई। ऐसी स्थिति में चालक ने घबराने की बजाय हिम्मत और समझदारी से काम लिया और उसने बस को खाई में गिरने से बचाने की जगह पास की पहाड़ी की तरफ मोड़ दिया और बस को जानबूझकर पहाड़ी के किनारे से टकरा दिया। इससे बस रुक गई, लेकिन जोरदार झटके से कई बच्चों को चोट लग गई। 

हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और बच्चों को बस से बाहर निकलने में चालक की मदद की। लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस और एंबुलेंस विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और घायल बच्चों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। 

डॉक्टर के अनुसार बच्चों को हल्की चोट आई है, जैसे हाथ-पैर में खरोंच और हल्का दर्द। कुछ बच्चों को भर्ती भी किया गया, लेकिन अब हालात नियंत्रित हैं और सभी बच्चे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही बच्चों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और अपने बच्चों की हालत जानकर राहत की सांस ली।

जांच में सामने आया है कि बस के ब्रेक फेल होने के कारण यह दुर्घटना हुई। प्रशासन ने तुरंत मामले की जांच के आदेश दिए हैं। बस की तकनीकी जांच की जा रही है ताकि पता लगाया जा सके कि लापरवाही कहां की गई। साथ ही, स्कूल प्रबंधन से भी बस के मेंटेनेंस और फिटनेस से जुड़े कागज मांगे गए। 

स्थानीय लोगों ने बस कंडक्टर की जमकर तारीफ की है। उनका कहना है कि अगर बस कंडक्टर समय पर यह फैसला ना लेता तो, बस खाई में गिर जाती और एक बड़ा हादसा हो जाता। उसकी सूझबूझ और हिम्मत से कई मासूम बच्चों की जान बच गई। 

इस घटना के बाद इलाके में स्कूल बसों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। परिजनों ने मांग की है कि स्कूल वाहनों के नियमित रूप से जांच होनी चाहिए और बिना फिटनेस के कोई भी बस को सड़क पर न उतर जाए। प्रशासन ने विश्वास दिलाया है कि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए कड़े से कड़े कदम उठाए जाएंगे और नियमों का कड़ा पालन किया जाएगा।

See all