एनएसएस स्वयंसेवकों ने पार्क विकसित कर रोपे 202 पौधे ग्लोबल करियर पर विशेष व्याख्यान का भी आयोजन
पंचकूला:
सात दिवसीय विशेष एनएसएस शिविर का तीसरा दिन रविवार को सेक्टर-1 स्थित गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज के पार्क में उत्साह, ऊर्जा और प्रेरणा के साथ मनाया गया। प्राचार्य डॉ. शैलजा छाबड़ा के संरक्षण और कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में, एनएसएस स्वयंसेवकों ने स्वयं ही पार्क का निर्माण किया और कुल 202 पौधे लगाए। इनमें नीम, जामुन, शहतूत, मोरिंगा, गुड़हल, शीशम, आम और कनेर जैसे फूलदार और छायादार पौधे शामिल थे।
यह विशेष पौधरोपण कार्यक्रम एक पेड़, माँ के नाम अभियान के अंतर्गत किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने अपनी माताओं के नाम से कॉलेज में पौधे रोपे, साथ ही पौधों की देखभाल और रख-रखाव की भी जिम्मेदारी ली।
पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय ने कहा कि यह पहल केवल हरियाली बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि हमें अपने पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने की याद दिलाती है। स्वयंसेवकों का यह समर्पण समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा देता है।
दोपहर के सत्र में चंडीगढ़ स्थित लैंडमार्क ग्लोबल लर्निंग लिमिटेड के द्वारा आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में स्वयंसेवकों को भारत और विदेशों में उच्च शिक्षा और करियर के अवसर विषय पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। करियर कंसल्टेंट हरदीप सिंह ने भारत और विदेशों में उच्च शिक्षा, स्कॉलरशिप और वैश्विक नौकरी के अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। स्वयंसेवकों ने अंतरराष्ट्रीय शिक्षा के विकल्पों, करियर पथों और आवश्यक योग्यता के बारे में सवाल पूछकर सक्रिय रूप से भाग लिया।
कैंप के तीसरे दिन आयोजित इन कार्यक्रमों ने स्वयंसेवकों को न केवल पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा दी, बल्कि उनके करियर और भविष्य की योजनाओं के प्रति जागरूकता और मार्गदर्शन भी प्रदान किया। यह दिन उत्साह, ज्ञान और सामाजिक जिम्मेदारी का समन्वय बनकर यादगार रहा।


