युवा ही राष्ट्र निर्माण की सशक्त धुरी हैं— डॉ. बृजपाल
पंचकूला।
सेक्टर-1 स्थित गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ शुक्रवार को अत्यंत गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
युवा मेरे भारत और डिजिटल साक्षरता के लिए थीम पर आधारित इस शिविर का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक उत्तरदायित्व एवं तकनीकी दक्षता की दिशा में प्रेरित करना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शैलजा छाबड़ा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. बृजपाल, संयुक्त निदेशक, हरियाणा कौशल विकास निगम उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में अरविंद द्विवेदी, जिला एनएसएस समन्वयक ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की वंदना एवं एनएसएस गीत के साथ हुआ, जिससे पूरे वातावरण में श्रद्धा और उत्साह का संचार हुआ।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय ने शिविर की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि आगामी सात दिनों में स्वच्छता, डिजिटल साक्षरता, स्वास्थ्य जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विविध गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
मुख्य अतिथि डॉ. बृजपाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि युवा वर्ग राष्ट्र की वास्तविक शक्ति है और एनएसएस जैसे मंच उन्हें सेवा, अनुशासन एवं नेतृत्व के गुणों से समृद्ध करते हैं। विशिष्ट अतिथि अरविंद द्विवेदी ने भी स्वयंसेवकों को समाज सेवा के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत पॉलीथीन मुक्त पर्यावरण विषय पर एक विशेष व्याख्यान आई हेट पॉलीथीन की प्रमुख पूजा अग्रवाल द्वारा प्रस्तुत किया गया। उन्होंने प्लास्टिक के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं ईको-फ्रेंडली विकल्पों के उपयोग की आवश्यकता पर जोर दिया।
रेडक्रॉस सोसाइटी, पंचकूला की फर्स्ट एड और होम नर्सिंग लेक्चरर नीलम कौशिक द्वारा दोपहर में बेसिक लाइफ सपोर्ट पर एक ट्रेनिंग सत्र संचालित किया गया। इस सत्र में स्वयंसेवकों को आपातकालीन परिस्थितियों में हृदय एवं श्वसन क्रिया पुनर्जीवन तथा प्राथमिक चिकित्सा की तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया गया।
शिविर में स्वयंसेवकों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को जीवंत बनाया और सौ स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी ने शिविर के पहले दिन को सफल एवं प्रभावशाली बनाया।
समापन में कार्यक्रम अधिकारी कीर्ति मलिक ने अतिथियों का धन्यवाद करते हुए कार्यक्रम की सफलता में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह शिविर युवाओं में सेवा, समर्पण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करेगा और ‘युवा मेरे भारत के लिए’ एवं ‘डिजिटल साक्षरता’ की थीम को सार्थक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


