रैपर Badshah को बड़ी राहत: ‘टटीरी’ विवाद में LOC वापस, हरियाणा पुलिस ने हाईकोर्ट में दी सफाई
मशहूर रैपर बादशाह को उनके चर्चित गाने ‘टटीरी’ को लेकर उठे विवाद में बड़ी राहत मिली है। हरियाणा पुलिस ने Punjab and Haryana High Court में सुनवाई के दौरान स्पष्ट किया कि इस मामले में जारी किया गया लुकआउट सर्कुलर वापस ले लिया गया है और फिलहाल उनके खिलाफ किसी प्रकार की सख्त दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जा रही है।दरअसल, यह विवाद गाने के कुछ बोलों को लेकर शुरू हुआ था, जिन्हें कुछ संगठनों और लोगों ने आपत्तिजनक बताया। आरोप लगाया गया कि गीत की सामग्री सामाजिक मर्यादाओं के खिलाफ है, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और पुलिस तक पहुंच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पहले : एल ओ सी जारी किया गया था, ताकि संबंधित व्यक्ति की गतिविधियों और यात्रा पर नजर रखी जा सके।मामले में नया मोड़ तब आया जब हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान हरियाणा पुलिस ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि प्रारंभिक जांच के आधार पर फिलहाल एल ओ सी को वापस ले लिया गया है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच प्रक्रिया अभी जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार, हटाए जाने का मतलब यह नहीं है कि मामला पूरी तरह समाप्त हो गया है, बल्कि यह संकेत है कि फिलहाल पुलिस को कोई ऐसा ठोस आधार नहीं मिला है, जिसके आधार पर कड़ी कार्रवाई जरूरी हो। वहीं, यह भी माना जा रहा है कि इस फैसले से कलाकार को बड़ी राहत मिली है और उनके कामकाज पर पड़ने वाला दबाव कम होगा।इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर कला और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता बनाम सामाजिक जिम्मेदारी की बहस को हवा दे दी है। जहां एक ओर कलाकार अपने रचनात्मक अधिकारों की बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ वर्ग ऐसे कंटेंट पर नियंत्रण की मांग कर रहे हैं।फिलहाल, इस मामले में अगली सुनवाई और जांच के नतीजों पर सबकी नजर बनी हुई है।


