Search

कुरुक्षेत्र से बड़ा ऐलान: हरियाणा में LPG सप्लाई पर हाई अलर्ट, कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई

हरियाणा में रसोई गैस एलपीजीकी सप्लाई को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। कुरुक्षेत्र में मीडिया से बातचीत के दौरान खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री राजेश नागर ने स्पष्ट किया कि प्रदेश के किसी भी जिले में गैस की कमी नहीं होने दी जाएगी और सप्लाई व्यवस्था पर चौबीस घंटे निगरानी रखी जा रही है।मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर घर तक समय पर गैस सिलेंडर पहुंचे और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके लिए जिला स्तर पर प्रशासन को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। डिप्टी कमिश्नर, पुलिस अधीक्षक और आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं और किसी भी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।राजेश नागर ने चेतावनी देते हुए कहा कि गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी और अवैध उपयोग को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब तक कई जगहों पर छापेमारी कर सैकड़ों गैस सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं और दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने साफ किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा।उन्होंने यह भी कहा कि कुछ जगहों पर गैस की कमी को लेकर अफवाहें फैलाने की कोशिश की जा रही है, जिससे लोगों में अनावश्यक डर पैदा हो रहा है। मंत्री ने जनता से अपील की कि वे ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही गैस बुक करें, ताकि सप्लाई व्यवस्था संतुलित बनी रहे।सरकार ने भरोसा दिलाया है कि प्रदेश में एलपीजी की उपलब्धता पूरी तरह पर्याप्त है और किसी भी तरह की घबराहट की जरूरत नहीं है। प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ हालात पर नजर बनाए हुए है, ताकि हर नागरिक तक बिना किसी रुकावट के गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

See all