एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा माजरी गाँव में नशा मुक्ति जागरूकता रैली का सफल आयोजन
सेक्टर - 1 स्थित गवर्नमेंट कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शैलजा छाबड़ा के मार्गदर्शन में एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा आज नशा मुक्ति जागरूकता रैली का सफल आयोजन किया गया। यह रैली कॉलेज से शुरु होकर एनएसएस द्वारा गोद लिए गए गाँव माजरी तक हुई। रैली का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समुदाय में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा युवाओं और ग्रामीणों को स्वस्थ, नशामुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित करना था।
इस रैली का संचालन एनकॉर्ड के कॉलेज नोडल अधिकारी डॉ. सुभाष चंदर और एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय के कुशल मार्गदर्शन और पर्यवेक्षण में किया गया। स्वयंसेवकों ने रैली के दौरान नारे लगाकर समुदाय के लोगों को नशा मुक्ति के महत्व के प्रति जागरूक किया। इसके अलावा, युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरक संदेश भी दिए गए।
इस पहल के माध्यम से एनएसएस ने यह संदेश दिया कि नशा सिर्फ व्यक्तिगत स्वास्थ्य के लिए ही हानिकारक नहीं है, बल्कि समाज और परिवार की समग्र भलाई के लिए भी खतरनाक है। रैली में गाँव के निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग किया।


