Search

यूपी से लाकर पंचकूला-चंडीगढ़ में सप्लाई की थी तैयारी, 12 हजार गोलियों संग आरोपी काबू

  • संजीत कुमार सिंह, पंचकूला आर्ब्जवर
  • पंचकूला : पंचकूला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 की टीम ने एसआई राकेश कुमार एवं एएसआई राजेश कुमार के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के रहने वाले एक आरोपी को 12,000 नशीली गोलियों के साथ गिरफ्तार किया है।

    पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी राजेश कुमार उर्फ रेशम लाल उत्तर प्रदेश से नशीली गोलियां लाकर पंचकूला और चंडीगढ़ क्षेत्र में सप्लाई करने की फिराक में है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से सेक्टर-16/17 क्षेत्र में निगरानी करते हुए आरोपी को काबू किया।

    तलाशी के दौरान आरोपी के पिट्ठू बैग से लोमोटिल की 200 पत्तियां (कुल 12,000 नशीली गोलियां) बरामद की गईं, जो प्रतिबंधित ड्रग श्रेणी में आती हैं। आरोपी न तो इन गोलियों से संबंधित कोई लाइसेंस और न ही परमिट प्रस्तुत कर सका।

    इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर थाना सेक्टर-14 पंचकूला में उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

    पूछताछ के दौरान आरोपी से नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस अब इसके सप्लायर और स्थानीय स्तर पर नशीली गोलियां खरीदने व बेचने वालों की पहचान करने में जुटी हुई है।

    इस संबंध में डीसीपी क्राइम/ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा—
    “क्राइम ब्रांच द्वारा की गई यह कार्रवाई नशा तस्करी के खिलाफ हमारी जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाती है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

    पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 5 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है, ताकि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। पंचकूला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती और प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेगा।

  • See all