पंचकूला: सेक्टर-19 में रविवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब पार्क के पास किसी व्यक्ति की दो कटी हुई उंगलियां मिलने की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही सेक्टर-19 पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और उंगलियों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में यह मामला रेलवे ट्रैक पर हुए एक दर्दनाक हादसे से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे सेक्टर-19 के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय लगभग 11 वर्षीय एक बच्ची ट्रेन की चपेट में आ गई थी। इस हादसे में उसके हाथ की उंगलियां कट गईं।
हादसे के बाद बच्ची किसी तरह अपने घर पहुंची, जहां से परिजन उसे तुरंत उपचार के लिए पीजीआई ले गए। बताया जा रहा है कि अस्पताल में भर्ती कराने के बाद घटना की सूचना जीआरपी चंडीगढ़ को दे दी गई थी।
इसी बीच शाम करीब 6 बजे स्थानीय लोगों ने सेक्टर-19 के पार्क के पास दो कटी हुई उंगलियां पड़ी देख पुलिस को सूचित किया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
सेक्टर-19 पुलिस चौकी प्रभारी मलकीत सिंह के अनुसार रेलवे ट्रैक के पास सड़क निर्माण कार्य में लगे मजदूरों ने भी बच्ची को ट्रैक पार करते देखा था। उसी दौरान ट्रेन आ गई और वह उसकी चपेट में आ गई, जिससे उसकी उंगलियां कट गईं।
पुलिस का अनुमान है कि पार्क के पास मिली उंगलियां संभवतः उसी बच्ची की हो सकती हैं, जो हादसे के दौरान कटकर वहां तक पहुंच गई हों। फिलहाल मामले की जानकारी जीआरपी पुलिस को दे दी गई है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से रेलवे ट्रैक पार करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।