स्वयंसेवकों ने डिजिटल स्क्रीन से प्रकृति की ओर कदम बढ़ाया एनएसएस शिविर में हुआ पौधा रोपण और नुक्कड़ नाटक
गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, सेक्टर-1, पंचकूला के राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ द्वारा सत्र का तीसरा एक दिवसीय एनएसएस शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शैलजा छाबड़ा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए पौधा रोपित करके शिविर का शुभारंभ किया।
शिविर का मुख्य विषय स्क्रीन टाइम टू ग्रीन टाइम रखा गया। कार्यक्रम का मंच संचालन स्वयंसेवक जय प्रकाश द्वारा किया गया।
प्राचार्या डॉ. शैलजा छाबड़ा ने स्वयंसेवकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज के युवा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की शक्ति रखते हैं। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि तकनीक का उपयोग प्रकृति और सामाजिक जिम्मेदारियों के साथ संतुलित हो। इस शिविर का उद्देश्य छात्रों को स्क्रीन टाइम को ग्रीन टाइम में बदलने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय ने कहा कि आज के युवाओं का अधिक समय डिजिटल उपकरणों पर व्यतीत हो रहा है, जिससे उनका प्रकृति और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ाव कम हो गया है। इस शिविर का उद्देश्य उन्हें जागरूक करना और प्रेरित करना है कि वे अपने स्क्रीन टाइम को ग्रीन टाइम में बदलें, प्रकृति से जुड़ें और समाज सेवा में सक्रिय भागीदारी करें।
शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने कॉलेज द्वारा गोद लिए गए गाँव में नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी और ग्रामीणों को जागरूक किया। साथ ही, आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाई। शिविर के आयोजन में एनएसएस स्वयंसेवक अनमोल शर्मा, अंकुश, साहिल, राजन, आरती, दृश्य, सुहानी, सचिन कुमार, सुखचैन का विशेष सहयोग रहा।


